Tuesday 22 November 2011

किसानों को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए गन्ने के दाम बढ़ाए जाऐंगे:सांगवान


काम्बोज,अनेजा करनाल 
हरियाणा के सहकारिता मंत्री सतपाल सिंह सांगवान ने कहा है कि हरियाणा में गन्ना उत्पादक किसानों को पहले भी अच्छे भाव दिए गए है और इस वर्ष भी गन्ना उत्पादकों को उचित मुल्य देने के लिए सरकार ने विचार कर लिया है। निकट भविष्य में मुख्यमंत्री इसकी घोषणा कर सकते है। सहकारिता मंत्री स्थानीय सहकारी चीनी मिल के पिराई सत्र 2011-12 का  विधिवत शुभारम्भ करने के बाद उपस्थित जन समूह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश में कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कई बार गन्ने के दाम बढ़ाए और इस वर्ष भी किसानों को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए गन्ने के दाम बढ़ाए जाऐंगे। यही नहीं पूर्व की सरकारों में सहकारी चीनी मिल में गन्ना देने वाले किसानों को समय पर अदायगी नहीं होती थी, गन्ने के भुगतान के लिए महीनों इंतजार करना पड़ता था। परिणाम स्वरूप देश में गन्ने के अधीन क्षेत्र घट गया था और सहकारी चीनी मिलें घाटे में आ गई थी लेकिन वर्तमान हरियाणा सरकार ने गन्ने का क्षेत्र बढ़ाने के लिए न केवल किसानों को प्रोत्साहित किया बल्कि उन्हें समय पर अदायगी की गई। इस पिराई सीजन में भी किसानों को गन्ने का भुगतान समय पर किया जाएगा।
 सहकारिता मंत्री ने बताया कि प्रदेश में सहकारी चीनी मिलों का आधुनिकीकरण किया गया है। परिणामस्वरूप करनाल सहकारी चीनी मिल तथा  शाहबाद चीनी मिल को कई बार राष्ट्रीय स्तर पर कार्य कुशलता के लिए पुरस्कृत किया जा चुका है।  उन्होंने हाल ही में करनाल चीनी मिल को राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने के लिए मिल प्रबन्धन, कर्मचारियों व इस जिला के किसानों को बधाई दी। मिल की इस सफलता के लिए बधाई दी और मिल की इस सफलता के लिए कर्मचारियों को बोनस देने की वकालत की।
 
इस मौके पर सहकारी चीनी मिल करनाल के एम.डी. राजीव मेहता ने मिल की गतिविधियों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस मिल ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्तम कार्य कुशलता के लिए 12 बार प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में किसानों का गन्ने की बिजाई के प्रति अच्छा रूझान बढ़ रहा है। पिछले वर्ष गन्ने का क्षेत्र 16 हजार एकड़ था जो अब बढक़र इस वर्ष 18 हजार एकड़ हो गया है।  मिल द्वारा  पिछले वर्ष 30 लाख 18 हजार क्विंटल गन्ने की पिराई करके 2 लाख 82 हजार किव्टल चीनी का उत्पादन किया गया। सीजन 2011-12 में मिल द्वारा 35 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसमें 3 लाख 50 हजार क्विंटल चीनी का उत्पादन किया जायेगा। पिछले वर्ष  गन्ने की बिजाई को उन्नत बनाने के लिए मिल द्वारा एक करोड़ 85 लाख रूपये की राशि खर्च की गई जिसमें 15 लाख रूपये की राशि किसानों को अनुदान के रूप मे दी गई।  मिल द्वारा 300 एकड़ में गन्ना बिजाई की नई तकनीक एस.टी.पी. से करवाई गई, इसके तहत एक एकड़ में 5 से 6 क्विंटल बीज लगता है जबकि सामान्य तरीके की बिजाई से 35 क्विंटल बीज लगता है। उन्होंने कहा कि इस नई तकनीक से किसानों को अब 5 हजार  रूपय प्रति एकड़ की बचत हो रही है।
एम.डी ने कहा कि इस वर्ष मिल द्वारा 3 करोड़ 72 लाख 86 हजार रूपये की राशि से गन्ना विकास योजना बनाई गई है। जिसमें 31 लाख रूपये अनुदान के रूप में दिये जायेगे। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त मिल में हरियाणा सरकार द्वारा राज्य स्तरीय टिशु कल्चर लैब की स्थापना की गई है। इस प्रयोगशाला से गन्ने की उत्तम किस्म तैयार करने में सहायता मिलेगी। एम.डी. ने कहा कि प्रदेश की दूसरी मिलों की तर्ज पर इस मिल द्वारा 12 से 14 मेगावाट बिजली बनाने का भी लक्ष्य है। इसे प्राप्त करने के लिए मिल द्वारा प्रयास किए जाऐंगे और इससे मिल को प्रतिवर्ष 10 से 12 करोड़ रूपये की आय होगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त एम.के. पांडुरंग, उपमंडलाधीश करनाल मुकुल कुमार, उपमंडलाधीश इन्द्री प्रदीप कुमार, नगराधीश महेश्वर दत्त शर्मा, पूर्व पंचायत निदेशक  लाजबीर सिंह सहित अधिकारी,कर्मचारी व किसान उपस्थित थे।
किसानों को किया सम्मानित
मिल में गत वर्ष मिल में गन्ना सप्लाई करने वाले किसानों को सहकारिता मंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। जिनमें जमालपुर के सुखवंत सिंह को सर्वाधिक 36 हजार 600 क्विंटल गन्ना सप्लाई करने पर, सदरपुर के जूर हसन को अगेती किस्म का सर्वाधिक 15 हजार 520 क्विंटल गन्ना सप्लाई करने पर, जमालपुर के किसान सुभाष को एस.टी.पी. तकनीक से गन्ने की बिजाई करने पर, गांव रिंडल के किसान बलवंत सिंह को सिंगल बड तकनीक से गन्ने की बिजाई करने पर व गांव चिड़ाव के किसान प्रवीन कुमार को वैज्ञानिक तकनीक से खेती करने पर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त गांव लंडोरा के अनिल कुुमार को आज पिराई सत्र के शुभारम्भ अवसर पर पहली गन्ने की ट्राली लाने पर, गांव मगलोरा के जोगिन्द्र को पहली बुग्गी लाने पर  तथा मिल में सहरानीय कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

No comments:

Post a Comment