Saturday 17 March 2012

रसोई गैस की किल्लत को लेकर लगाया जाम


दीपक पंचाल असंध 
रसोई गैस की किल्लत के चलते परेशान उपभोक्ताओं ने आज असन्ध-सालवन मार्ग पर जाम लगाया और गैस की सप्लाई सुचारू करने की मांग की। मौके पर पंहुचे पुलिस अधिकारियों प्रदर्शनकारियों को समझाकर करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया।
        प्रदर्शनकारी बलन्द्रि सिंह,पवन,नरेश कुमार,रोहताश,गुरूबचन सिंह,महाबीर आदि ने बताया कि वे कई दिनों से लगातार गैस लेने के लिये आ रहे है परन्तु उन्हे गैस नही मिल रही है। पुरा-पुरा दिन कतारों में लगने के बाद उन्हे मजबूरन खाली हाथ वापिस लौटना पड़ता है।
      उधर गैस एजेंसी मालिक सुरेन्द्र गुप्ता ने बताया कि प्लांट से ही गैस की पुरी सप्लाई नही मिल रही जिसके चलते उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होने कहा कि रसोई गैस की किसी भी तरह की कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कारवाई की जाएगी।
असन्ध 
           नगर के जीन्द चौंक एक रोड़वेज की बस के नीचे आने से एक बच्चा बुरी तरह से घायल हो गया। घायल को  नगर के सामान्य अस्पताल ले जाया गया जंहा से उसकी गम्भीर हालत को देखते हुए ट्रामा सैंटर करनाल रैफर कर दिया गया।
     प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक नारनौंद का निवासी है और जीन्द चौक में अपनी दादी के साथ बस का इंतजार कर रहा था कि तभी एक बस ने उसे बुरी तरह से कुचल दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

युवक की मौत को लेकर परिजनों ने लगाया जाम


दीपक पंचाल असंध 
एक युवक की संदिग्ध अवस्था में हुई मृत्यु को लेकर आज सैंकड़ों महिला व पुरूष प्रदर्शनकारियों ने नगर के जीन्द चौक को जाम कर दिया। मृतक एक फर्नीचर के शोरूम पर कार्य करता था और परिजन उसकी मौत के पीछे शोरूम संचालकों का हाथ होने की बात कह रहे हैं।
                           नगर की वार्ड संख्या दो निवासी मृतक कृष्ण की पत्नि लीला देवी ने बताया कि उसका पति सफीदों रोड़ स्थित एक शोरूम पर पिछले आठ वर्षों से कार्य कर रहा था। गत दिनों शोरूम संचालक ने उसपर चोरी का आरोप लगया और वीरवार को कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि युवक ने दबाव में आकर जहरीला पदार्थ निगल लिया और आज सुबह करनाल के एक अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि युवक ने खुद जहर नही निगला बल्कि उसे दिया गया है वे आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज करने की मांग कर रहे हैं और इसी को लेकर सुबह साढ़े ग्यारह बजे के करीब महीलाओं ने जीन्द चौक को जाम कर दिया और जमकर नारेबाजी की। जाम खुलवाने के लिए डीएसपी मदनलाल एवं तहसीलदार सुभाष चंद्र मौके पर पंहुचे परन्तु महिलाएं जाम न खोलन पर अड़ी रही। समाचार लिखे जाने तक छह घंटे बीत जाने के बावजूद जाम जारी था।
                                                 डी एस पी मदन लाल परिजनों को समझाते हुए 
वहीं दुसरी ओर करनाल में हो रहे पोस्टमार्टम के दौरान परीजनों द्वारा एक एएसआई से हाथापाई भी की गई जिसके चलते पोस्टमार्टम को बीच में ही रोक देना पड़ा। डीएसपी मदनलाल ने कहा कि पुलिस ने धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।